जिला कांगड़ा के देहरा बनखंडी में मां बगलामुखी मंदिर में हवन के दौरान एक श्रद्धालु अचानक हवन कुंड में गिर गया, जिससे वह बुरी तरह झुलस गया । हादसे के बाद मंदिर परिसर में अफरा-तफरी मच गई । घायल श्रद्धालु को उपचार के लिए देहरा सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया ।
घायल श्रद्धालु की पहचान पंजाब के जालंधर निवासी नितिन के रूप में हुई है । बताया जा रहा है कि हवन के दौरान अचानक वह संतुलन खो बैठा और हवन कुंड में जा गिरा । हादसे में उसके हाथ, बाजू और छाती झुलस गई, जबकि मुंह का कुछ हिस्सा भी जल गया है । हादसे के तुरंत बाद मौजूद लोगों ने श्रद्धालु को हवन कुंड से बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया । देहरा सिविल अस्पताल में चिकित्सकों ने उसकी जांच की । फिलहाल नितिन की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है ।
