मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने शनिवार कांगड़ा जिले के देहरा विधानसभा क्षेत्र के बड्डलठोर में जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि लोगों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध करवाने के लिए देहरा क्षेत्र में हिमाचल प्रदेश की पहली ओजोन आधारित पेयजल उपचार परियोजना स्थापित की जा रही है। राज्य सरकार ने इस परियोजना के लिए 46 करोड़ रुपये की राशि आवंटित की है।

उन्होंने कहा कि लोगों को सुरक्षित पेयजल उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से भविष्य में प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में भी इसी प्रकार की ओजोन आधारित जल उपचार परियोजनाएं स्थापित की जाएंगी।
• मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने जसवां परागपुर विधानसभा क्षेत्र के डाडासीबा में एसडीएम कार्यालय खोलने की घोषणा की है। • क्षेत्र में पशु चिकित्सा सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए बड्डलठोर में पशु चिकित्सालय खोलने की भी घोषणा की।

सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार ने ‘मुख्यमंत्री का अपना परिवार सुखी परिवार योजना’ के तहत लोगों को लाभ प्रदान करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, जिसके लिए पंचायतों में सर्वेक्षण किया जा रहा है। सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि समाज के अंतिम पंक्ति पर खड़े व्यक्ति को भी राज्य के संसाधनों में उसका उचित अधिकार मिल सके।