|

Loading weather...

नूरपुर में खनन के अवैध खेल पर वार, लाखों वसूले

2026-07-24 19:10:22 | myNoorpur | 48

खनन विभाग के खनन कार्यालय नूरपुर के तहत पड़ते क्षेत्र में खनन विभाग ने इस वित्तीय वर्ष 2026- 27 में अवैध खनन पर कड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 10 लाख रुपए का जुर्माना कर अवैध खनन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की है। विभागीय जानकारी के मुताबिक खनन कार्यालय नूरपुर के तहत पड़ते उपमंडल नूरपुर, इंदौरा, फतेहपुर व जवाली के अंतर्गत आते क्षेत्रों में खनन विभाग ने एक अप्रैल से लेकर 30 जून तक अवैध खनन करने वालों पर सख्त कार्रवाई करते हुए लगभग 96 मामले पकड़े है, जिनमें 65 मामलों का निपटारा हो गया है और शेष बचे मामलों में आगामी कार्रवाई जारी है। विभाग ने निपटा लिए गए 65 मामलों में लगभग 9 लाख 93 हजार रुपए का जुर्माना किया है। इन 96 मामलों में 40 ट्रैक्टर, 42 टिप्पर तथा 11 जेसीबी पकड़ी है तथा तीन मामले अवैज्ञानिक ढंग से किए अवैध खनन, खनन सामग्री के अवैध भंडारण के है।

इस दौरान विभाग के खनन माफिया के अवैध खनन के रास्ते बंद किए, सरप्राइज़ छापेमारी की तथा चैक किया कि खनन नियमों की अनदेखी तो नहीं हो रही। गौरतलब है कि खनन विभाग ने गत वित्तीय वर्ष 2025- 26 में नियमों के अनुसार हुए खनन के द्वारा लगभग साढ़े 17 करोड़ को रुपए की रॉयल्टी प्राप्त की है, जिससे सरकारी खजाने में इजाफा हुआ। इस बारे खनन अधिकारी नूरपुर सुरेश कुमार ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में विभाग ने अप्रैल, मई तथा जून माह में अवैध खनन के लगभग 96 चालान कर नौ लाख 93 हजार का जुर्माना किया है और यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने बताया कि इस समय लगभग ढाई माह के लिए खनन पर पूर्णतया रोक रहगी और यह समय अवधि एक जुलाई से 15 सितंबर तक है।